औरंगाबाद में दर्दनाक सड़क हादसा: रेलवे कर्मचारी की मौत, पत्नी और दो मासूम बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़

औरंगाबाद: हसपुरा थाना क्षेत्र के किशुनपुर गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में भारतीय रेलवे के कर्मचारी संतोष पटेल की मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


मृतक 35 वर्षीय संतोष पटेल, पिता नथुनी सिंह, वर्ष 2012 से भारतीय रेलवे में इलेक्ट्रिशियन के पद पर कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे वे बाइक से हसपुरा बाजार जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक बाइक के सामने कुछ आ जाने से उनका संतुलन बिगड़ गया और बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसा इतना भयावह था कि गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।


बताया जाता है कि संतोष पटेल का विवाह वर्ष 2015 में हुआ था। पीछे पत्नी और दो मासूम पुत्र — 10 वर्षीय जयश कुमार तथा 8 वर्षीय दीपांशु कुमार — को छोड़ गए हैं। परिवार के कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है।


घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण और शुभचिंतक मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाने में जुटे रहे। वहीं स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


रेलवे कर्मचारी संतोष पटेल की असामयिक मौत से पूरे किशुनपुर गांव में गहरा दुख और मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।