पटना/औरंगाबाद: बिहार में बस यात्रियों को अब सफर के लिए अधिक भुगतान करना होगा। राज्य परिवहन विभाग ने सभी श्रेणी की यात्री बसों के किराये में 10 से 15 प्रतिशत तक वृद्धि करने की अधिसूचना जारी कर दी है। नई किराया दरें 1 जून 2026 से पूरे राज्य में लागू होंगी। यह जानकारी औरंगाबाद के प्रतिष्ठान अधीक्षक रजनीश कुमार ने दी।
परिवहन विभाग के अनुसार डीजल की बढ़ती कीमतों, रखरखाव खर्च और परिचालन लागत में वृद्धि को देखते हुए किराये में संशोधन किया गया है। नई दरें साधारण, डीलक्स, डीलक्स एसी तथा वोल्वो/मर्सिडीज जैसी सभी श्रेणी की बसों पर लागू होंगी।
दूरी के अनुसार बढ़ाया गया किराया
विभाग ने दूरी आधारित स्लैब तय करते हुए किराये में अलग-अलग प्रतिशत की वृद्धि की है। इसके तहत 50 किलोमीटर तक की यात्रा पर 15 प्रतिशत, 100 किलोमीटर तक 14 प्रतिशत, 150 किलोमीटर तक 13 प्रतिशत, 200 किलोमीटर तक 12 प्रतिशत, 250 किलोमीटर तक 11 प्रतिशत तथा 300 किलोमीटर से अधिक दूरी की यात्रा पर 10 प्रतिशत किराया बढ़ाया गया है।
प्रति किलोमीटर नई किराया दरें
साधारण बस: ₹1.50 से बढ़कर 50 किमी तक ₹1.73, जबकि 300 किमी से अधिक दूरी पर ₹1.65 प्रति किमी।
डीलक्स बस: ₹1.70 से बढ़कर 50 किमी तक ₹1.96, जबकि 300 किमी से अधिक दूरी पर ₹1.87 प्रति किमी।
डीलक्स एसी बस: ₹2.00 से बढ़कर 50 किमी तक ₹2.30, जबकि 300 किमी से अधिक दूरी पर ₹2.20 प्रति किमी।
वोल्वो/मर्सिडीज बस: ₹2.50 से बढ़कर 50 किमी तक ₹2.88, जबकि 300 किमी से अधिक दूरी पर ₹2.75 प्रति किमी।
सिटी बस यात्रियों पर भी पड़ेगा असर
पटना समेत राज्य के विभिन्न शहरों में चलने वाली सिटी बसों का किराया भी बढ़ा दिया गया है। अब 4 किलोमीटर तक की यात्रा के लिए ₹1.84 प्रति किमी की दर से भुगतान करना होगा, जबकि इसके बाद प्रत्येक अतिरिक्त 2 किलोमीटर के लिए ₹1.73 प्रति किमी की दर लागू होगी।
बस संचालकों को जारी किए गए निर्देश
परिवहन विभाग ने सभी बस संचालकों को नया किराया चार्ट बस स्टैंडों और बसों में प्रमुखता से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया है, ताकि यात्रियों को संशोधित किराये की स्पष्ट और सही जानकारी मिल सके।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद राज्यभर में प्रतिदिन बस से यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों की जेब पर सीधा असर पड़ने की संभावना है।






