औरंगाबाद/देव:
देव थाना क्षेत्र के नयापुर गांव में 8 वर्षीय मासूम सतीश कुमार की मौत अब पूरी तरह हत्या के आरोपों में घिर गई है। मामले में मृतक के पिता अजय यादव ने देव थाना में आवेदन देकर गांव के ही चार लोगों पर बेटे की हत्या करने और साक्ष्य छिपाने का गंभीर आरोप लगाया है।
दिए गए आवेदन के अनुसार, सतीश कुमार 15 मई की शाम करीब 7 बजे गांव में खेलने निकला था। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन 16 मई की सुबह करीब 9 बजे गांव के बाहर पोखर में बच्चे का शव बरामद हुआ।
परिजनों का आरोप है कि बच्चे के शरीर पर चोट के निशान थे और हत्या के बाद शव को पोखर में फेंक दिया गया। आवेदन में गांव के चार लोगों के नाम का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि पुरानी रंजिश और विवाद को लेकर इस वारदात को अंजाम दिया गया है।
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद आरोपियों द्वारा मामले को दबाने और समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
घटना के बाद पूरे नयापुर गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने मासूम को इंसाफ दिलाने की मांग उठाई है। वहीं पुलिस का कहना है कि आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल गांव में एक ही सवाल गूंज रहा है —
“क्या मासूम सतीश की हत्या के पीछे पुरानी रंजिश थी?”






