घर पहुंचने से पहले मौत ने रोक लिया रास्ता! ट्रक-स्कॉर्पियो की भीषण भिड़ंत में पिता-पुत्र समेत तीन की दर्दनाक मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़


मुंबई से अपने गांव लौट रहा था परिवार, औरंगाबाद में काल बनकर आया तेज रफ्तार ट्रक। आठ साल के मासूम समेत तीन की जिंदगी खत्म, तीन अन्य घायल।

औरंगाबाद (बिहार)। घर लौटने की खुशी थी, अपनों से मिलने की उम्मीद थी और सफर जल्द पूरा होने वाला था। लेकिन किसे पता था कि रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर गुरुवार की अहले सुबह एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं।

औरंगाबाद नगर थाना क्षेत्र के रतनुआ पेट्रोल पंप के समीप ट्रक और स्कॉर्पियो के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में आठ वर्षीय मासूम समेत एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौत ने छीन लिए एक परिवार के तीन सदस्य

मृतकों की पहचान नवादा जिले के पकड़ीबरावां थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी 48 वर्षीय राजकुमार चौहान, उनके आठ वर्षीय पुत्र रितेश कुमार और उनके ससुर भगवान दास के रूप में हुई है। हादसे में मासूम रितेश और भगवान दास की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल राजकुमार चौहान ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

मुंबई से गांव लौट रहा था परिवार

मिली जानकारी के अनुसार, राजकुमार चौहान मुंबई में नौकरी करते थे। वह अपनी पत्नी किरण कुमारी और बेटे रितेश के साथ मुंबई से बस द्वारा बनारस पहुंचे थे। वहां से अपने गांव नवादा जाने के लिए उन्होंने अपने साले नीतीश चौहान और ससुर भगवान दास के साथ स्कॉर्पियो से सफर शुरू किया था। लेकिन घर पहुंचने से पहले ही औरंगाबाद में उनकी यात्रा जिंदगी का आखिरी सफर बन गई।

तीन लोग जिंदगी और मौत से जूझ रहे

हादसे में राजकुमार की पत्नी किरण कुमारी, उनके साले नीतीश चौहान समेत तीन लोग घायल हुए हैं। सभी को तत्काल औरंगाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गया स्थित मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू

दुर्घटना की सूचना मिलते ही एनएचएआई की टीम और नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई।
एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत ने कई जिंदगियों को गहरे सदमे में डाल दिया है। जिस घर में अपनों के लौटने का इंतजार था, वहां अब मातम पसरा है।
Friends Media | औरंगाबाद, बिहार
खबर भी मिशन भी