औरंगाबाद, 15 अगस्त 2026: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर औरंगाबाद का ऐतिहासिक गांधी मैदान देशभक्ति और उत्साह से सराबोर रहा। आयोजित मुख्य समारोह में जिला प्रभारी मंत्री रामा निषाद ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इस दौरान पूरा मैदान राष्ट्रभक्ति के नारों और तिरंगे की शान से गूंज उठा।
ध्वजारोहण के बाद प्रभारी मंत्री ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बिहार सरकार और केंद्र सरकार की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं तथा राज्य सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए लोगों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मान
समारोह के दौरान जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया गया। अभिषेक ऑटो के प्रोपराइटर अभिषेक रंजन को औरंगाबाद जिले में सरकार को सर्वाधिक कर भुगतान करने के लिए 51 हजार रुपये का चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सेवा समेत विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय योगदान देने वाले लोगों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रोत्साहन पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा, पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा, औरंगाबाद सांसद अभय कुशवाहा सहित जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं एनसी कैडेट्स मौजूद रहे। स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया, जबकि एनसी कैडेट्स की आकर्षक परेड ने समारोह में देशभक्ति का जोश भर दिया।

नगर थाना में भी शान से फहराया तिरंगा
उधर, औरंगाबाद नगर थाना परिसर में भी 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। सीआई फहीम आजाद खान एवं नगर थाना अध्यक्ष बबन बैठा ने संयुक्त रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और उपस्थित लोगों ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
समारोह में थाना के सभी पदाधिकारी, पुलिस जवान एवं बड़ी संख्या में सामाजिक लोग मौजूद रहे। इस दौरान सीआई फहीम आजाद खान ने देश की एकता और अखंडता के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की भूमिका पर प्रकाश डाला।
नगर थाना अध्यक्ष बबन बैठा ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए जिले में अमन-चैन और सौहार्द बनाए रखने का संकल्प दोहराया। दोनों स्थानों पर स्वतंत्रता दिवस समारोह शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।






