BIHAR: लखीसराय के अशोक धाम में दर्दनाक हादसा, भगदड़ में 7 श्रद्धालुओं की मौत, 12 से अधिक घायल


लखीसराय, 17 अगस्त 2026: सावन की तीसरी सोमवारी और नाग पंचमी के अवसर पर लखीसराय स्थित प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। जलाभिषेक के लिए उमड़ी भारी भीड़ के बीच अचानक भगदड़ मच गई, जिसमें कम से कम 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मंदिर के आसपास बिजली का पोल गिरने और करंट फैलने की अफवाह के बाद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान भीड़ का दबाव बढ़ा और बैरिकेडिंग टूट गई। देखते ही देखते लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे।


बताया जा रहा है कि सावन की तीसरी सोमवारी के कारण मंदिर में भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। लगातार ट्रेनों के आने से भीड़ और बढ़ गई थी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और प्रशासन-पुलिस की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई। घायलों को लखीसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन की ओर से लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है। मृतकों के परिजनों को बिहार सरकार की ओर से 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा भी सामने आई है।