‘जांच एवं उपचार-चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान की शुरुआत, जागरूकता प्रचार-वाहन को दिखाई हरी झंडी

गैर-संचारी रोगों की समय पर जांच और उपचार के लिए लोगों को किया जाएगा जागरूक

औरंगाबाद, 3 सितंबर 2026।
गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान, जांच एवं उपचार को लेकर आम लोगों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष अभियान ‘जांच एवं उपचार-चिकित्सा आपके द्वार’ की शुरुआत की गई है। अभियान के तहत गुरुवार को सदर अस्पताल, औरंगाबाद परिसर से जन-जागरूकता प्रचार-वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

प्रचार-वाहन को रवाना करते हुए सिविल सर्जन ने कहा कि गैर-संचारी रोग वर्तमान समय की गंभीर स्वास्थ्य चुनौतियों में शामिल हैं। मधुमेह, उच्च रक्तचाप, कैंसर, हृदय रोग और COPD जैसे रोगों की यदि समय रहते पहचान कर ली जाए तो उचित उपचार एवं आवश्यक चिकित्सकीय देखभाल के माध्यम से इनके गंभीर प्रभावों को कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को इन रोगों के प्रति जागरूक करना, समय पर जांच के लिए प्रेरित करना तथा जरूरतमंद मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना है।

उन्होंने बताया कि प्रचार-वाहन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को अभियान की जानकारी देगा। इसके माध्यम से लोगों को गैर-संचारी रोगों की जांच कराने तथा स्वास्थ्य संस्थानों से संपर्क कर आवश्यक उपचार एवं परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

इस संबंध में डीपीएम मो. अनवर आलम ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा 2 सितंबर से इस विशेष अभियान का शुभारंभ किया गया है। अभियान के दौरान आम लोगों को मधुमेह, उच्च रक्तचाप, कैंसर, हृदय रोग, COPD सहित अन्य गैर-संचारी रोगों की समय पर जांच कराने के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य अभियान की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है, ताकि संभावित मरीजों की समय रहते पहचान की जा सके और उन्हें आवश्यक जांच, उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

इस अवसर पर जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. मिथिलेश प्रसाद सिंह, जिला संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. रवि रंजन, विश्व स्वास्थ्य संगठन के सर्वेलेंस मेडिकल ऑफिसर डॉ. नक़ीब, डीसीएम कुमार आनंद प्रकाश, डीपीसी नागेंद्र कुमार केशरी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।