औरंगाबाद में दर्दनाक सड़क हादसा: एनएच-19 पर अज्ञात ट्रक की टक्कर से दो युवकों की मौत, एक गंभीर

औरंगाबाद। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) पर शुक्रवार की रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा नगर थाना क्षेत्र के कामा बीघा पुल के समीप उस समय हुआ, जब तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर दूध लेने जा रहे थे।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया।
सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद पड़रिया गांव निवासी अभय कुमार (पिता- रामजनम यादव) तथा शाहपुर अखाड़ा निवासी लकी कुमार को मृत घोषित कर दिया।

वहीं, गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक की हालत नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज), गया रेफर कर दिया गया।


घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार अज्ञात ट्रक और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।


हादसे की खबर मिलते ही सदर अस्पताल में मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। दोनों युवकों की असमय मौत से परिवारों में कोहराम मच गया है, जबकि पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।