औरंगाबाद। जिले में अपराध नियंत्रण और सक्रिय पुलिसिंग के तहत औरंगाबाद पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए जन्मदिन पार्टी के दौरान हुई अवैध फायरिंग के मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 11 खोखे के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जबकि मामले का मुख्य आरोपी अभी भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 12 जून 2026 की रात करीब 11 बजे नगर थाना को गुप्त सूचना मिली कि पुरानी सब्जी मंडी स्थित एक हाता परिसर में जन्मदिन पार्टी के दौरान कुछ असामाजिक तत्व अवैध हथियारों से ताबड़तोड़ फायरिंग कर रहे हैं। सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष ने वरीय अधिकारियों को अवगत कराया और तत्काल पुलिस टीम के साथ मौके पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने गया जिले के टेकारी थाना क्षेत्र के जोगनीपुर निवासी 30 वर्षीय रविकांत कुमार को गिरफ्तार कर लिया। घटनास्थल की सघन तलाशी में फायर किए गए 9 एमएम के 11 खोखे बरामद किए गए।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने पुलिस को बताया कि हाता एवं जमीन के मालिक सौरभ कुमार सिंह अपने कुछ साथियों के साथ जन्मदिन समारोह मना रहे थे। इसी दौरान सौरभ कुमार सिंह ने अपनी लाइसेंसी अथवा अवैध पिस्टल से दहशत फैलाने की नीयत से 10 से 15 राउंड फायरिंग की। फायरिंग के बाद उसने सभी खोखे साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से रविकांत कुमार को सौंप दिए और अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया।
इस मामले में नगर थाना कांड संख्या 383/26 दर्ज करते हुए आर्म्स एक्ट की धारा 27 एवं अन्य सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अम्बरीष राहुल के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-01 के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान टीम गठित की गई है। टीम को मुख्य अभियुक्त सौरभ कुमार सिंह तथा उसके अन्य फरार सहयोगियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं अवैध हथियार की बरामदगी के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा है कि जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले और अवैध हथियारों का प्रदर्शन कर समाज में भय का माहौल बनाने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि ऐसी किसी भी गैरकानूनी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
फिलहाल गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है, जबकि मामले की जांच और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।






