औरंगाबाद में सनसनी: गैलेक्सी मेडिकल के मालिक मो. जुनैद की गोली मारकर हत्या, नवाडीह मोड़ पर दहशत


औरंगाबाद शहर के नवाडीह मोड़ स्थित गैलेक्सी मेडिकल के मालिक मो. जुनैद साहब की शुक्रवार की देर रात अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पूरे क्षेत्र को घेर लिया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात में अचानक गोलियों की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल जुनैद साहब को अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद नवाडीह मोड़ और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल बना रहा।


फिलहाल घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात है। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और हर संभावित एंगल से जांच की जा रही है। हत्या के पीछे आपसी रंजिश, कारोबार से जुड़ा विवाद या अन्य किसी कारण की संभावना पर भी जांच चल रही है।


हालांकि, सुबह तक स्थिति सामान्य बताई जा रही है और बाजार खुले हुए हैं। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का भरोसा दिया है।


शहर के बीचोंबीच हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर नवाडीह मोड़ जैसे व्यस्त इलाके में अपराधी इतनी बड़ी घटना को अंजाम देकर कैसे फरार हो गए? यह सवाल अब आम लोगों की जुबान पर है।