AURANGABAD: कुख्यात एवं इनामी नक्सली को पुलिस ने किया गिरफ्तार , कई कांडों को अंजाम देकर था फरार


औरंगाबाद । पुलिस ने एक कुख्यात एवं इनामी नक्सली को गिरफ्तार कर लिया है। गौरतलब है कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार रफीगंज थाना काण्ड संख्या- 216/24,दिनांक- 04.06.24, धारा-341/323/386/387/435/504/506 भारतीय दंड संहिता एवं 13/16/17/ 18/20 यूएपीए एक्ट के अंतर्गत दर्ज काण्ड में संलिप्त नक्सली विन्देश्वरी पासवान उर्फ दुबे जी, निवासी- पहडपुरा, थाना-गोह की गिरफ्तारी हेतु एक लाख रुपये के इनाम की घोषणा की गई थी।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन करते हुए त्वरित गिरफ्तारी के आदेश दिए गए थे। इस काण्ड में विन्देश्वरी पासवान नामजद अभियुक्त हैं, जिन पर आरोप है कि उन्होंने रफीगंज स्थित एक ईंट-भट्टे पर लेवी की मांग की थी और लेवी नहीं मिलने पर जेसीबी मशीन को जला दिया था। इसके अतिरिक्त, वे अपने सहयोगियों के साथ गोह, रफीगंज, बंदेया, टेकारी, कोंच इत्यादि थाना क्षेत्रों में सक्रिय रहकर लेवी वसूली करते थे और भट्टा मालिकों, पेट्रोल पम्प मालिकों तथा अन्य लोगों को जान से मारने की धमकी देकर वसूली करते थे।

गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में कई बार छापामारी की गई लेकिन नक्सली फरार हो जाता था। इसी क्रम में दिनांक 17.07.24 को सूचना मिली कि विन्देश्वरी पासवान उर्फ दुबे जी अपने गांव पहड़पुरा में देखा गया है। सूचना प्राप्त होने पर थानाध्यक्ष गोह थाना द्वारा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को अवगत कराया गया।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने अपने नेतृत्व में थानाध्यक्ष गोह पु०अoनि० कमलेश पासवान एवं अन्य पुलिस पदाधिकारियों के साथ ग्राम-पहड़पुरा में छापामारी की। पुलिस के पहुंचने पर एक व्यक्ति भागने लगा जिसे खदेड़कर ग्राम-पहड़पुरा से 1 कि.मी. पश्चिम बधार में पकड़ लिया गया। पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम विन्देश्वरी पासवान उर्फ दुबे जी बताया। उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।

इस प्रकार की त्वरित कार्रवाई और सफलता से पुलिस ने नक्सल गतिविधियों पर अंकुश लगाने का प्रयास किया है, जिससे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।