औरंगाबाद, 27 सितंबर 2026।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने महत्वपूर्ण पहल की है। अब जिले के अनुमंडलीय अस्पताल एवं प्रखंडो के अस्पतालों में भी मरीजों को निःशुल्क ईसीजी जांच की सुविधा मिलेगी।
इससे ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को हृदय संबंधी शुरुआती जांच के लिए सदर अस्पताल या अन्य बड़े स्वास्थ्य संस्थानों तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। स्थानीय स्तर पर जांच उपलब्ध होने से समय और यात्रा पर होने वाले खर्च की बचत होगी। आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए भी यह सुविधा विशेष रूप से लाभकारी होगी।
इस संबंध में जिला कार्यक्रम प्रबंधक मो. अनवर आलम ने बताया कि स्वास्थ्य संस्थानों में ईसीजी की सुविधा उपलब्ध होने से हृदय रोगों की समय पर पहचान और आवश्यक उपचार की दिशा तय करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए विभाग लगातार सुविधाओं का विस्तार कर रहा है।
सिविल सर्जन डॉ. कृष्ण कुमार ने बताया कि ईसीजी हृदय की गतिविधि और धड़कन की स्थिति का पता लगाने वाली सरल एवं दर्दरहित जांच है। सीने में दर्द, धड़कन तेज या अनियमित होने जैसी शिकायतों में चिकित्सक ईसीजी की सलाह दे सकते हैं। जांच में किसी तरह की असामान्यता पाए जाने पर मरीज की स्थिति के अनुसार आगे की जांच और उपचार का निर्णय लिया जाता है।
विदित हो कि जिले के सदर अस्पताल में इस जाँच की सुविधा पहले से ही उपलब्ध थी। अब सभी प्रखंड मुख्यालय में स्थित अनुमंडल अस्पताल, रेफरल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी ईसीजी जांच की सुविधा उपलब्ध करा दी गई है। हृदय संबंधी शिकायत वाले मरीज चिकित्सकीय परामर्श के बाद अपने नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में यह जांच निःशुल्क करा सकते हैं। यह सुविधा पीपीपी माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है।






