नवीनगर प्रखंड में अवैध तरीके से चल रहे क्लिनिकों के खिलाफ बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अभय कुमार के नेतृत्व में प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण सिंह, थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार उपाध्याय तथा सशस्त्र बल की टीम ने मिलकर कई क्लिनिकों पर अचानक धावा बोला।
दास मोहल्ला में वसीम क्लिनिक, अयान मेडिकल, शाना मेडिकल — भवानोखाप में हेरम्ब क्लिनिक — और तेतरिया मोड़ पर संचालित कई निजी क्लिनिकों को मौके पर ही सील कर दिया गया।
तेतरिया मोड़ पर तो स्थिति और भी चौंकाने वाली रही —न बोर्ड, न रजिस्ट्रेशन, न डॉक्टर… फिर भी चल रहा था क्लिनिक!
डॉ. अभय कुमार ने बताया कि मरीजों के साथ हो रहे शोषण पर रोक लगाने के लिए यह अभियान चलाया गया है। जांच के दौरान रजिस्ट्रेशन, डॉक्टर की उपस्थिति, दवाइयों की स्थिति, उपचार प्रक्रिया आदि सभी बिंदुओं को परखा गया। अधिकांश क्लिनिक मापदंडों पर खरे नहीं उतरे, जिसके बाद इन्हें सील करने की कार्रवाई की गई। नोटिस जारी किया जाएगा, और जवाब न देने पर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित है।
सूत्रों के अनुसार, जैसे ही छापेमारी की खबर फैली, कई क्लिनिक संचालक ताले लटकाकर फरार हो गए, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। निजी क्लिनिक संचालकों में जबरदस्त हड़कंप है।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि यह कार्रवाई सिर्फ शुरुआत है।जांच रिपोर्ट सिविल सर्जन को भेजी जाएगी।आगे भी अवैध क्लिनिकों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। लोगों के स्वास्थ्य के साथ हो रहे खिलवाड़ को पूरी तरह खत्म करना लक्ष्य है।
नवीनगर में इस ताबड़तोड़ छापेमारी ने अवैध चिकित्सा कारोबारियों की नींद उड़ा दी है, जबकि आम लोगों ने विभाग की इस सख्ती का स्वागत किया है।






