अस्पताल पहुंचाने के बहाने कार में बैठाया, घंटों बाद सुनसान जगह पर छोड़कर फरार हुए आरोपी
औरंगाबाद। बिहार के औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र से नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, 15 वर्षीय छात्रा को अस्पताल पहुंचाने के बहाने कार में बैठाया गया और बाद में उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, छात्रा घर से अस्पताल जाने के लिए निकली थी। इसी दौरान कार सवार तीन युवकों ने उसे अस्पताल पहुंचाने की बात कहकर अपने साथ बैठा लिया। आरोप है कि इसके बाद उसे सुनसान इलाके की ओर ले जाया गया और कार में ही उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
घटना के कई घंटे बाद आरोपी छात्रा को उसके घर के आसपास छोड़कर फरार हो गए। घर पहुंचने के बाद छात्रा ने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने कुटुंबा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश
मामले की जानकारी मिलते ही कुटुंबा पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने इस मामले में दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। घटना में प्रयुक्त कार की बरामदगी के लिए भी पुलिस कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के अनुसार, नाबालिग का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और मामले की जांच जारी है। कुटुंबा थानाध्यक्ष इमरान आलम ने भी मामले में कार्रवाई की पुष्टि की है।






