महिलाओं के सपनो को मिला पंख : ₹10,000 से शुरू होगी लाखों महिलाओं की आर्थिक यात्रा,पहली किस्त में चेहरे पर मुस्कान

औरंगाबाद, 26 सितम्बर 2025।
नगर भवन में शुक्रवार को महिला सशक्तिकरण का ऐतिहासिक पल देखने को मिला। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य की 75 लाख महिलाओं के खातों में पहली किस्त के रूप में ₹10,000 की राशि अंतरित की। इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण नगर भवन औरंगाबाद से किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी मंत्री संतोष कुमार सुमन ने की। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के संबोधन को जीविका दीदियों ने पूरे उत्साह के साथ सुना।

अपने संबोधन में मंत्री श्री सुमन ने कहा—
“महिलाएं समाज की जननी और संस्कार वाहक हैं। उनके सशक्तिकरण के बिना समाज की कल्पना अधूरी है। यह योजना महिलाओं को स्वावलंबी बनाने और उनके आर्थिक विकास में मील का पत्थर साबित होगी।”

उन्होंने आगे बताया कि प्रारंभिक किस्त के बाद महिलाओं को उद्यम शुरू करने पर दो-दो लाख रुपये तक की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। जीविका समूहों के माध्यम से उन्हें ब्याज में भी छूट मिलेगी। लक्ष्य सिर्फ लाखपति नहीं बल्कि महिलाओं को करोड़पति बनाने का है।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री, उप विकास आयुक्त अनन्या सिंह, अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह सहित जिले के सभी वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में जीविका दीदियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी उल्लासपूर्ण और प्रेरणादायक बना दिया।