मध्य प्रदेश से भटक कर औरंगाबाद पहुंची दो बच्चों संग महिला, पुलिस ने परिजनों को बुलाकर किया सुपुर्द

औरंगाबाद । दिनांक 23 जून 2024 को देव थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि एक महिला, उम्र करीब 26 वर्ष, अपने दो बच्चों के साथ देव बाजार में भटक रही है। यह महिला अपना नाम और पता सही से नहीं बता पा रही थी। सूचना की पुष्टि के लिए तुरंत देव थाना की गश्ती वाहन देव बाजार पहुँची, जहाँ उक्त महिला को अपने दोनों बच्चों के साथ लावारिस हालत में घुमते हुए पाया गया।

महिला को विधिवत महिला पुलिस पदाधिकारी के सहयोग से थाना लाया गया और इसकी सूचना पुलिस अधीक्षक को दी गई। पूछताछ करने पर महिला ने अपना नाम उषा देवी, पति विजय चौहान, बेटी का नाम अन्नु चौहान (उम्र करीब 4 वर्ष) और बेटे का नाम नकुल चौहान (उम्र करीब ढ़ाई वर्ष) बताया। महिला ने अपना थाना बेढ़न बताया।

हालांकि, महिला इसके अलावा और कुछ नहीं बता पा रही थी। महिला के बारे में जानकारी सोशल मीडिया पर भी साझा की गई, परंतु नाम और पता का सत्यापन नहीं हो पा रहा था। थानाध्यक्ष देव ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बेढ़न थाना में सर्च किया तो पता चला कि उक्त महिला मध्य प्रदेश राज्य के सिंगरौली जिले के अंतर्गत आती है।

तत्पश्चात, थानाध्यक्ष देव ने बेढ़न थाना के सरकारी नंबर पर संपर्क किया और महिला के संबंध में सत्यापन किया। थानाध्यक्ष बेढ़न ने पुष्टि की कि उक्त महिला उनके थाना क्षेत्र की रहने वाली है। इसके उपरांत, दिनांक 2 जुलाई 2024 को महिला के ससुर और नन्दोशी देव थाना पहुँचे और महिला को दोनों बच्चों के साथ सकुशल जिम्मेनामा पर सुपुर्द किया गया।

इस प्रकार, भटकी हुई महिला और उसके दोनों बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।