औरंगाबाद में मानव बलि का सनसनीखेज मामला ,तांत्रिक समेत 5 गिरफ्तार

अम्बरीष राहुल,एसपी ,औरंगाबाद

औरंगाबाद पुलिस ने मदनपुर थाना क्षेत्र में हुए एक जघन्य हत्या कांड का पर्दाफाश करते हुए 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कांड 13 मार्च 2025 को होलिका दहन के दिन 65 वर्षीय युगल यादव की निर्मम हत्या से जुड़ा था, जिनका शव उनके घर लौटने के बाद भी नहीं मिला था।

घटना की सूचना 19 मार्च 2025 को मदनपुर थानाध्यक्ष को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक औरंगाबाद के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने तेजी से कार्रवाई करते हुए मृतक के अवशेष होलिका दहन स्थल से बरामद किए। जली हुई हड्डियाँ और खून के निशान मिलने के बाद डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया।

पूछताछ के दौरान धर्मेंद्र रिकियासन ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की और बताया कि मृतक का सिर काटकर धड़ को होलिका दहन में जला दिया गया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर मृतक की साइकिल और अन्य साक्ष्य बरामद किए।

विशेष टीम ने तांत्रिक अनुष्ठान के नाम पर की गई इस हत्या में शामिल 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया, जिनमें एक विधि विरुद्ध किशोर भी शामिल है। पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने बताया कि मुख्य आरोपी रामाशीश रिकियासन तांत्रिक है, जो संतान प्राप्ति के लिए मानव बलि जैसी कृत्य करता था।

गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम:

1. सुधीर पासवान (33 वर्ष) – पूर्णाडीह, मदनपुर

2. नन्हकू उर्फ संजीत कुमार (19 वर्ष) – पूर्णाडीह मांझीटोला

3. करण भुईयां उर्फ रौशन कुमार (18 वर्ष) – पूर्णाडीह मांझीटोला

4. धर्मेन्द्र रिकियासन (48 वर्ष) – मूल निवासी चिनगी, देव; वर्तमान में पूर्णाडीह

5. एक विधि विरूद्ध किशोर

बरामदगी:

मृतक की चप्पल और साइकिल

मृतक का सिर

हत्या में प्रयुक्त 35 अंगुल लंबी पसुली

अभियुक्तों के स्वीकारोक्ति बयान, साक्ष्यों और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने इस कांड का सफलतापूर्वक उद्भेदन किया। मृतक के अवशेषों को डीएनए जांच के लिए भेजा गया है, जबकि अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रिया जारी है।

इस त्वरित कार्रवाई के लिए औरंगाबाद पुलिस को सराहा जा रहा है, जिसने कुशलता और तत्परता से इस जघन्य अपराध का खुलासा किया।