औरंगाबाद शहर के नदी घाटी मध्य विद्यालय में स्कूल व्यवस्था और लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां छत की दीवार गिरने से दो मासूम छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं और अब जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही हैं।
मिली जानकारी के अनुसार 27 फरवरी को कक्षा सात की छात्राएं पलक कुमारी (पिता ओमप्रकाश सोनी, निवासी गांधी नगर) और सृष्टि कुमारी (पिता छोटू कुमार) विद्यालय की छत पर मौजूद थीं। इसी दौरान अचानक छत की दीवार भरभराकर गिर पड़ी और दोनों छात्राएं उसकी चपेट में आ गईं। हादसे में दोनों छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं और खून से लथपथ हो गईं।
घटना के बाद आनन-फानन में उन्हें औरंगाबाद सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए गया मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों छात्राएं वहां इलाजरत हैं।
इधर, होली के मौके पर जहां घरों में रंगों की खुशियां होनी चाहिए थीं, वहीं इन परिवारों के लिए त्योहार की खुशी मातम में बदल गई। घायल छात्रा पलक कुमारी के पिता ओमप्रकाश सोनी ने बताया कि उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर है और वे अपनी बेटी का समुचित इलाज कराने में सक्षम नहीं हैं।
उन्होंने जिला पदाधिकारी से आर्थिक सहायता देने तथा इस घटना के लिए जिम्मेदार स्कूल प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।






