औरंगाबाद, 2 जुलाई। औरंगाबाद जिले के रफीगंज प्रखंड में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। कोचिंग से पढ़ाई कर घर लौट रही दो नाबालिग सहेलियों की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आने से मौत हो गई। इस हादसे के बाद दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई, जबकि आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, पौथू थाना क्षेत्र के भतारी गांव के पास ओबरा थाना क्षेत्र के नरौला गांव निवासी 15 वर्षीय अफसरी और आशिया रोज की तरह कोचिंग से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान तेज गति से आ रही एक स्कॉर्पियो पहले सड़क किनारे बिजली के पोल से टकराई और फिर अनियंत्रित होकर दोनों छात्राओं को रौंद दिया।
हादसा इतना भयावह था कि अफसरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल आशिया ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। दोनों सहेलियों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया।
घटना की सूचना मिलते ही पौथू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया। हालांकि चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
हादसे से नाराज ग्रामीणों ने भतारी मोड़ के समीप ओबरा–पौथू मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी, पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा तथा इस मार्ग पर प्रभावी सड़क सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की। जाम के कारण कई घंटों तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। बाद में पुलिस अधिकारियों के समझाने पर लोगों ने जाम समाप्त किया।
पुलिस ने दोनों छात्राओं के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। एक ही गांव की दो सहेलियों की एक साथ हुई असमय मौत ने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है।






