AURANGABAD : हाजत में बंद व्यक्ति की हुई मौत, मृतक के परिजनों ने पुलिस पर लगाये गम्भीर आरोप
औरंगाबाद: दाउदनगर थाना हाजत में बंद एक व्यक्ति की इलाज के दौरान हुई मृत्यु को लेकर औरंगाबाद पुलिस ने आधिकारिक बयान जारी किया है। पुलिस के अनुसार, मृतक को मोटरसाइकिल चोरी के संदेह में ग्रामीणों ने पकड़कर रखा था, जिसके बाद पुलिस ने उसे अपनी हिरासत में लिया था।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 5 फरवरी 2025 को दाउदनगर थानाध्यक्ष को सूचना मिली कि एक व्यक्ति को ग्रामीणों ने मोटरसाइकिल चोरी के संदेह में पकड़ रखा है। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के बयान दर्ज किए।
इसके बाद संदिग्ध व्यक्ति को दाउदनगर थाना लाया गया और ब्रेथ एनालाइजर से उसकी जांच की गई। जांच के दौरान शराब के सेवन की पुष्टि हुई, जिसके बाद विधिवत प्रक्रिया का पालन करते हुए उसे हाजत में बंद कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, आधी रात के बाद उक्त व्यक्ति की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उसे अनुमंडलीय अस्पताल, दाउदनगर भेजा गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी, दाउदनगर की उपस्थिति में शव का पंचनामा तैयार किया गया और पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद भेजा गया।
मृतक की पत्नी के लिखित आवेदन के आधार पर दाउदनगर थाना में कांड संख्या-81/25, दिनांक 6 फरवरी 2025 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की अग्रतर जांच जारी है और सभी पहलुओं की बारीकी से छानबीन की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हिरासत में बंद व्यक्ति के स्वास्थ्य का ध्यान रखा गया था, लेकिन तबीयत बिगड़ने के बाद तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। मृत्यु के कारणों की स्पष्ट जानकारी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मिल पाएगी। वहीं, मृतक के परिजनों का आरोप है कि पुलिस हिरासत में लापरवाही बरती गई, जिसके चलते यह घटना हुई।
इस मामले में प्रशासन और पुलिस न्यायिक जांच कराने पर भी विचार कर रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि अगर किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आती है, तो दोषियों पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।