AURANGABAD: विवादित जमीन सुलझाने गयी पुलिस टीम पर हमला , पुलिसकर्मी समेत कई लोग हुए जख्मी

FRIENDS MEDIA-BIHAR DESK

सरकार के द्वारा जमीनी विवाद को सुलझाने के लिए कई हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। यहां तक कि विभिन्न थानों में दरबार लगाकर हर शनिवार को सीओ व थानाध्यक्षों की मौजूदगी में मामला सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन दिनप्रतिदिन मामले बढ़ते जा रहे हैं। जमीनी विवाद इस कदर बढ़ गयी है कि विवाद में मारपीट से लेकर हत्या तक करने को लोग तुले है। वहीं विवाद सुलझाने गयी पुलिस को भी लोग नही छोड़ रहे हैं बल्कि भिड़ने को तैयार हो जा रहे हैं। अभी ताजा उदाहरण औरंगाबाद जिले से है जहां बुधवार को एक जमीनी विवाद सुलझाने गयी पुलिस पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया,जिसमे करीब दर्जन भर पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। मामला गोह थाना क्षेत्र के दरधा गांव की है । जहां एक विवादित जमीन पर एक पक्ष ने फसल की कटाई शुरू कर दी। जानकारी पर दूसरे पक्ष ने गोह पुलिस को सूचना दी, सूचना पर पहुंची पुलिस ने फसल कटाई पर रोक लगाने को कहा । इसी बात पर फसल काट रहे महिला व कुछ पुरुष ने पुलिस बल पर हमला कर दिया। जिसमें पुलिस कर्मी समेत दर्जन से अधिक घायल होने की बात सामने आ रही है।

जानकारी के अनुसार बुटाई पासवान व बीरेंद्र सिंह के बीच कई वर्षों से जमीनी विवाद का मामला चलते आ रहा था। मामले को लेकर दोनों पक्षो के बीच न्यायालय में मामला चल रहा था। कुछ माह पूर्व न्यायालय के आदेश पर पुलिस की मौजूदगी में धान की बुआई कराई गई थी। परन्तु एक पक्ष के द्वारा जबरन फसल की कटाई की जा रही थी। इसी बात पर उतपन्न हुए विवाद में पुलिस जवान को निशाना बनाया गया। हालात को देखते हुए मौके पर एसडीपीओ कुमार ऋषि राज, सीओ मुकेश कुमार थानाध्यक्ष शमीम अहमद, उपहारा थाना की पुलिस मौके पर मौजूद रही। एसडीपीओ कुमार ऋषि राज ने बताया कि फिलहाल मामला नियंत्रण में है।