राम मंदिर में चढ़ावे में कथित गबन पर कांग्रेस का विरोध, सुंदरकांड पाठ व हवन कर पूर्व विधायक ने उठाए सवाल

औरंगाबाद, 11 अगस्त।
राम मंदिर में चंदे और चढ़ावे में कथित गबन के आरोपों को लेकर मंगलवार को औरंगाबाद में कांग्रेस के पूर्व विधायक आनंद शंकर सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सुंदरकांड पाठ और हवन का आयोजन किया। कार्यक्रम के दौरान भगवान से मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की गई।


पूर्व विधायक आनंद शंकर सिंह ने कहा कि भगवान राम मंदिर देशभर के करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है और मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए चंदे व दान का पूरी पारदर्शिता के साथ उपयोग होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर में मिले चंदे, चांदी की ईंटों, सोना-चांदी, आभूषण और नकद दान के प्रबंधन में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं, जिससे श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं।


उन्होंने दावा किया कि मंदिर निर्माण के लिए सिंधी समाज सहित कई श्रद्धालुओं ने करोड़ों रुपये मूल्य की चांदी की ईंटें और अन्य बहुमूल्य वस्तुएं दान की थीं, लेकिन दान की समुचित सूची तैयार नहीं की गई और कई मामलों में दानदाताओं को रसीद भी नहीं दी गई।


आनंद शंकर सिंह ने आरोप लगाया कि मंदिर ट्रस्ट में शामिल कुछ लोगों और उनसे जुड़े व्यक्तियों की भूमिका संदिग्ध रही है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर ऑडिट में भी अनियमितताओं की बातें सामने आती रहीं, लेकिन इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि इन्हीं आरोपों के विरोध में सुंदरकांड पाठ और हवन का आयोजन कर भगवान राम से प्रार्थना की गई कि मंदिर की व्यवस्था में पारदर्शिता आए, दोषियों को सद्बुद्धि मिले और भविष्य में आस्था के केंद्रों पर इस प्रकार की कथित अनियमितताएं दोबारा न हों।


(नोट: यह समाचार कांग्रेस के पूर्व विधायक आनंद शंकर सिंह द्वारा लगाए गए आरोपों और उनके कार्यक्रम पर आधारित है। इन आरोपों पर संबंधित पक्ष का जवाब प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)