औरंगाबाद, 31 जुलाई 2026:
मुफासिल थाना क्षेत्र के भालूहारा गांव में बाइक की ठोकर लगने से घायल हुई एक 70 वर्षीय महिला की सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतका की पहचान शांति देवी, पति मुनारदेव यादव, उम्र लगभग 70 वर्ष, निवासी ग्राम भालूहारा, थाना मुफासिल, जिला औरंगाबाद के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को शांति देवी गांव में ही सड़क किनारे खड़ी थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें धक्का मार दिया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में परिजनों ने उन्हें आनन-फानन में सदर अस्पताल औरंगाबाद में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद मृतका के परिजनों ने गांव के ही सुनील यादव के पुत्र पर लापरवाही से बाइक चलाकर ठोकर मारने का आरोप लगाया है।
सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस सदर अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






