औरंगाबाद में खौफनाक वारदात: चाचा बना जल्लाद, तीन मासूमों की कटर से बेरहमी से हत्या, खुद भी किया सुसाइड का प्रयास

औरंगाबाद (बिहार):
जिले के हसपुरा थाना क्षेत्र के खुटहन गांव में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक चाचा ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए अपने ही दो भतीजों और एक भतीजी की कटर मशीन से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात से पूरे इलाके में दहशत और मातम का माहौल है।


मृतकों की पहचान गुड्डू पाल के बेटे अनीश कुमार (10), आयुष कुमार (7) और बेटी अनुष्का कुमारी (5) के रूप में हुई है। तीनों मासूमों के शव एक ही कमरे में खून से लथपथ हालत में मिले, जिनके गले पर गहरे जख्म के निशान थे।


बताया जा रहा है कि आरोपी चाचा अमंत पाल सुबह घर से बाइक लेकर निकला था। वापस लौटने पर उसने दरवाजा खटखटाया, लेकिन उसकी भाभी अनीता देवी के बाथरूम में होने के कारण दरवाजा खोलने में थोड़ी देर हो गई। इसी बात से गुस्साए आरोपी ने दरवाजा खुलते ही घर में प्रवेश किया और फुल साउंड में स्पीकर बजा दिया, ताकि उसकी हैवानियत की आवाज बाहर न जा सके।


इसके बाद उसने कटर मशीन से एक-एक कर तीनों बच्चों का गला रेत दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद का भी गला काटकर आत्महत्या की कोशिश की।


घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घर के अंदर का मंजर देखा तो सन्न रह गए। चारों ओर खून बिखरा था और पास ही आरोपी भी गंभीर हालत में पड़ा था, जिसकी सांसें चल रही थीं। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से उसे पहले स्थानीय अस्पताल और फिर गंभीर हालत में पटना रेफर किया गया।


बताया जाता है कि बच्चों के पिता गुड्डू पाल ट्रेन में पैंट्री कार में खाना बनाने का काम करते हैं और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आरोपी ने इतनी क्रूर वारदात क्यों की, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आ सका है। पूरे गांव में इस घटना के बाद सन्नाटा पसरा हुआ है और हर कोई इस जघन्य अपराध से स्तब्ध है।