औरंगाबाद। होली का पर्व गुरुवार को शहर में पूरे हर्षोल्लास, उमंग और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। मटका फोड़ कार्यक्रम और झूमटा जुलूस ने पूरे शहर के माहौल को उत्सवमय बना दिया। शाम होते ही शाहपुरा अखाड़ा से शुरू हुई झूमटा की टोली धर्मशाला होते हुए सब्जी मंडी तक निकली, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
झूमटा जुलूस के दौरान जगह-जगह मटका फोड़ कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। ढोल-नगाड़ों और होली के गीतों की धुन पर झूमते हुए युवाओं की टोली मटका फोड़ते हुए आगे बढ़ती रही। सड़क किनारे खड़े लोग इस पारंपरिक आयोजन का आनंद लेते नजर आए और रंग-गुलाल उड़ाकर एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं देते रहे।
जुलूस के मार्ग पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। शहर के विभिन्न मोहल्लों से लोग झूमटा में शामिल होने पहुंचे, जिससे पूरा इलाका उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते दिखे।
वहीं, पूरे आयोजन के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। प्रमुख चौक-चौराहों और जुलूस मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सका।
होली के इस पारंपरिक आयोजन ने शहर में भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश भी दिया। रंग-गुलाल से सराबोर लोग एक-दूसरे को बधाई देते हुए खुशियों का यह पर्व मनाते नजर आए और पूरे शहर में उत्सव का माहौल बना रहा।






