दीप प्रज्वलन के साथ देव–2026 सूर्य महोत्सव का भव्य आगाज़, रानी तालाब परिसर में उमड़ा उत्साह


औरंगाबाद। 25 जनवरी 2026 को ऐतिहासिक देव नगरी में तीन दिवसीय सूर्य महोत्सव, देव–2026 का विधिवत शुभारंभ माननीय मंत्री, लघु जल संसाधन विभाग, बिहार सरकार-सह-प्रभारी मंत्री, औरंगाबाद डॉ. संतोष कुमार सुमन द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। दीप की लौ के साथ ही देव की पावन धरती सांस्कृतिक आभा और उत्साह से आलोकित हो उठी।


उद्घाटन अवसर पर जिला पदाधिकारी, अभिलाषा शर्मा, पुलिस अधीक्षक अम्बरीष राहुल, विधायक कुटुंबा  ललन राम, विधायक रफीगंज प्रमोद कुमार सिंह, विधायक ओबरा प्रकाश चंद्र एवं विधायक औरंगाबाद  त्रिविक्रम नारायण सिंह सहित अनेक गणमान्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने महोत्सव को देव की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई देने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताया।


पर्यटन विभाग, बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन, औरंगाबाद के संयुक्त तत्वावधान में रानी तालाब, देव परिसर में आयोजित यह महोत्सव क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक सशक्त पहल है। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में देश-प्रदेश के ख्यातिप्राप्त कलाकारों के साथ-साथ स्थानीय प्रतिभाएं भी अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीतेंगी।


लोकगीत, लोकनृत्य, पारंपरिक कला और आधुनिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संगम देव नगरी को उत्सवमय बना देगा। महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करेगा, बल्कि स्थानीय कलाकारों, हस्तशिल्पियों और व्यवसायियों के लिए भी नए अवसरों के द्वार खोलेगा।


कार्यक्रम के सफल और सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। देव सूर्य महोत्सव–2026 के इस भव्य आयोजन से पूरे क्षेत्र में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है।