औरंगाबाद।
बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग के तत्वावधान में आयोजित बिहार पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) लिखित परीक्षा के सफल, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पूर्णतः कदाचारमुक्त संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रविवार को जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद अभिलाषा शर्मा (भा०प्र०से०) ने सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।
उल्लेखनीय है कि उक्त लिखित परीक्षा का आयोजन 18 जनवरी 2026 एवं 21 जनवरी 2026 को दो-दो पालियों में किया जाना है। इसके तहत औरंगाबाद जिले में कुल 16 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र के रूप में अधिसूचित किया गया है।
प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, महिला एवं पुरुष सशस्त्र बल के साथ-साथ पर्यवेक्षक पदाधिकारियों की विधिवत प्रतिनियुक्ति की गई है, जो परीक्षा की समस्त प्रक्रियाओं की सतत एवं प्रभावी निगरानी करेंगे।
परीक्षा की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों को परीक्षा प्रारंभ होने के एक घंटा पूर्व सक्रिय किया गया है, जो परीक्षा समाप्ति तक निरंतर संचालित रहेंगे। इसके अतिरिक्त परीक्षा की संपूर्ण प्रक्रिया की अनिवार्य रूप से वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने अभ्यर्थियों की सुविधा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था संधारण, सुरक्षा प्रबंध, कक्ष व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली तथा आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों के अनुपालन की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को परीक्षा के सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।






