औरंगाबाद जिले में शुक्रवार की शाम एक बार फिर नेशनल हाईवे खून से लाल हो गया। नगर थाना क्षेत्र के पिपरडीह मोड़ के समीप की है। तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने साइकिल सवार को रौंद डाला। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मृतक आनंदपूरा गांव निवासी रामनरेश सिंह का पुत्र महेंद्र सिंह उर्फ छोटू सिंह (उम्र 55 वर्ष) बताए जाते हैं ।
जानकारी के अनुसार छोटू सिंह अपने गांव से बाजार जा रहे थे, तभी सड़क पार करने के दौरान अचानक एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें चपेट में ले लिया और फरार हो गया।
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, हाईवे जाम
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर जुट गए। देखते ही देखते स्थानीय लोगों ने नेशनल हाईवे को जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
लोगों का आरोप है कि
“इस मोड़ पर लगातार हादसे हो रहे हैं, लोग हर हफ्ते मौत का शिकार बन रहे हैं, लेकिन प्रशासन आंख बंद किए बैठा है। यहां तत्काल ओवरब्रिज बनना बेहद जरूरी है।”
मुआवज़ा और ओवरब्रिज निर्माण की मांग
गुस्साए ग्रामीणों ने मृतक परिवार को उचित मुआवजा देने और पिपरडी मोड़ पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग की। लोगों का कहना है कि जब तक ठोस कार्रवाई नहीं होगी, वे सड़क से नहीं हटेंगे।
पुलिस समझाने में जुटी, पर लोग नहीं मान रहे
घटना की सूचना पर नगर थाना पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और भीड़ को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग लगातार नारेबाजी करते रहे। कई घंटों तक नेशनल हाईवे जाम रहा, जिससे यात्रियों की भारी परेशानी देखने को मिली।






