इंडिया गठबंधन की सरकार में राजेश राम होंगे उपमुख्यमंत्री: डॉ. जनक कुशवाहा

औरंगाबाद/ कुटुंबा विधानसभा:
कुटुंबा विधानसभा के पिपरा बगाही पंचायत में पूर्व मुखिया स्वर्गीय विनोद कुमार मेहता की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन हुआ, जिसमें शोषित समाज के सैकड़ों प्रतिनिधि और नेता उपस्थित रहे। सभा में स्व. विनोद मेहता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया गया।

इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी राजेश राम ने स्व. मेहता की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए उन्हें अपना सच्चा मित्र बताया और सभा के दौरान भावुक हो गए।

सभा को संबोधित करते हुए कुटुंबा विधानसभा के पर्यवेक्षक एवं उत्तर प्रदेश पंचायती राज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जनक कुशवाहा ने कहा कि नब्बे प्रतिशत शोषित वर्ग का नेतृत्व करने वाले राजेश राम को कांग्रेस इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा। डॉ. कुशवाहा ने कहा कि राजेश राम कर्मठ, सुशील और मिलनसार नेता हैं, जो तीसरी बार हैट्रिक लगाकर विधानसभा में विकास का नया इतिहास बनाएंगे। उन्होंने भाजपा पर वोट की चोरी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ता इसे नाकाम करेंगे।

हरियाणा से आए एआईसीसी कोऑर्डिनेटर सोमदेव ने भी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि “माननीय राजेश राम अपने पिछले रिकॉर्ड को तोड़कर एक नया इतिहास लिखने के लिए तैयार हैं। इंडिया गठबंधन के सभी कार्यकर्ता उनकी जीत के इतिहास का गाथा लिखेंगे।”

सभा का समापन स्व. विनोद मेहता की पत्नी गीता देवी ने किया। उन्होंने कहा कि स्व. मेहता के विचारों को आगे बढ़ाना ही सच्ची श्रद्धांजलि है और उपस्थित अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस कार्यक्रम में कई पंचायत मुखिया, ब्लॉक पंचायत समिति के सदस्य, और सैकड़ों लोग शामिल हुए। प्रमुख रूप से संजय कुशवाहा, धर्मेंद्र कुशवाहा, भरत कुमार, नीरज कुशवाहा, रवि शंकर चंद्रवंशी, राजू मेहता, विनोद मेहता, चांदनी अहमद आदि उपस्थित रहे।