भावपूर्ण विदाई में छलके भावनाएं, वरीय शिक्षक संजय कुमार को दी गई सम्मानपूर्वक विदाई

ठाकुरबिगहा (दाउदनगर)।
राजकीय मध्य विद्यालय ठाकुरबिगहा अंछा में शनिवार को एक भावुक पल देखने को मिला, जब विद्यालय के वरीय शिक्षक संजय कुमार को प्रधान शिक्षक के पद पर प्रोन्नति मिलने के उपरांत दूसरे विद्यालय में स्थानांतरण के उपलक्ष्य में एक भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजेश कुमार ने की, जबकि संचालन की जिम्मेदारी डॉ. हेरम्ब कुमार मिश्र ने निभाई। समारोह की गरिमा को शिक्षकद्वय दीपक कुमार सिंह (टप्पू जी) और दिनेश कुमार ने मिलकर एकरूपता दी।

सर्वप्रथम श्री संजय कुमार एवं आगत अतिथियों का पारंपरिक तरीके से अंगवस्त्र, तिलक, चंदन एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इसके उपरांत विद्यालय की छात्राओं सृष्टि एवं अंशु द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत ने पूरे माहौल को संस्कारमय बना दिया।

समारोह को संबोधित करते हुए उच्च माध्यमिक विद्यालय अंछा ठाकुरबिगहा के प्रधानाध्यापक डॉ. उदय कुमार ने संजय कुमार के शैक्षणिक योगदान, अनुशासित व्यक्तित्व और मानवीय संवेदनाओं पर प्रकाश डाला। वहीं रामनगर मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक रमाकांत सिंह ने प्रधानाध्यापक पद की गरिमा और जिम्मेदारियों पर चर्चा की।

इस अवसर पर ब्रजेश कुमार (प्रधानाध्यापक, मध्य विद्यालय केसराढ़ी) एवं वीरेन्द्र कुमार सिंह (अवकाश प्राप्त शिक्षक) ने भी अपने प्रेरणादायी विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का भावनात्मक शिखर तब आया जब छात्राओं कृति भारती, सावित्री, खुशी, चाँदनी, पायल आदि ने संजय कुमार के विद्यालय में बिताए गए पलों को नाट्य रूपांतरण के माध्यम से प्रस्तुत किया — जिसे देखकर उपस्थित जनसमूह की आंखें नम हो गईं।

इस अवसर पर अभिरंजन कुमार, दिनेश नारायण, खुर्शीदा बानो, खुशबू कुमारी, सविता कुमारी, रूबी कुमारी, निशा भारती सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम ने यह साबित कर दिया कि एक अच्छा शिक्षक न केवल ज्ञान का स्रोत होता है, बल्कि वह दिलों को भी जोड़ता है।