औरंगाबाद में दिनदहाड़े गोलीकांड! पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई में गोली,बन्दूक के साथ दो शूटर गिरफ्तार

औरंगाबाद: जिले में एक बार फिर अपराधियों की हैवानियत सामने आई है। नबीनगर थाना क्षेत्र के महीप बिगहा मोड़ पर दिनांक 31 मई 2025 को पूर्व के विवाद को लेकर दीपक कुमार सिंह को जान से मारने की नीयत से गोली मार दी गई। घटना में दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने महज कुछ ही दिनों में इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए दो शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है।

फिल्मी अंदाज में हमला
पीड़ित दीपक कुमार सिंह को पहले से रंजिश रखने वाले दो युवकों ने अचानक गोली मार दी और फरार हो गए। यह घटना क्षेत्र में दहशत फैलाने वाली थी। घायल की हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस की स्पेशल टीम का गठन
घटना की गंभीरता को देखते हुए औरंगाबाद पुलिस अधीक्षक ने सदर SDPO के नेतृत्व में SIT गठित की। SIT ने तेज कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर दोनों नामजद आरोपियों को नवीनगर रेलवे स्टेशन से धर दबोचा।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान

  1. भोलू कुमार उर्फ अनुराग कुमार सिंह (उम्र 21 वर्ष), निवासी – दरमी कला, थाना – टांडवा
  2. सोनू कुमार उर्फ सौरभ कुमार तिवारी (उम्र 21 वर्ष), निवासी – रजवरिया खुर्द, थाना – नवीनगर

अपराध स्वीकार, हथियार बरामद
पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर रजवरिया टिकर की झाड़ी से घटना में प्रयुक्त एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।

वजह: पुरानी रंजिश, सिर फटने का बदला
सोनू कुमार ने कबूला कि पहले की लड़ाई में उसका सिर फट गया था। उसी का बदला लेने के लिए दीपक को गोली मारी गई।

स्पीडी ट्रायल से सजा दिलाने की तैयारी
पुलिस ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए स्पीडी ट्रायल के तहत कठोर सजा दिलाने की बात कही है।

बरामदगी:

  • 01 देसी कट्टा
  • 01 जिंदा कारतूस

औरंगाबाद पुलिस की तत्परता से एक और बड़ा अपराध सुलझा, अपराधियों को जल्द मिलेगी कड़ी सजा। जनता में पुलिस के प्रति बढ़ा भरोसा।