बिहार विधान सभा आम निर्वाचन 2025 के तहत मतदाता जागरूकता अभियान (SVEEP) में औरंगाबाद जिले ने आज एक अनोखी और अत्यंत आकर्षक पहल की। कलेक्टरेट परिसर में विशालकाय, बहुरंगी और संदेशयुक्त “महारंगोली” का भव्य निर्माण किया गया, जिसने देखते ही देखते पूरे परिसर को लोकतंत्र के रंगों में रंग दिया।
इस अद्वितीय रंगोली को विशेष रूप से मतदाताओं को आगामी 11 नवंबर को मतदान के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से तैयार किया गया। रंगोली में जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों — औरंगाबाद, रफ़ीगंज, ओबरा, नबीनगर, कुटुम्बा और गोह — को प्रतीकात्मक रूप से चित्रित किया गया है, जो जिले की एकता और जागरूकता का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत करता है।

रंगोली के केंद्र में बनी “बैलट बिटिया” की मनमोहक आकृति इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। यह आकृति मतदाता जागरूकता का प्रतीक मानी जाती है और इसे दीप प्रज्ज्वलन के साथ प्रस्तुत कर मतदान के प्रति निष्ठा, सजगता और जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। इसके चारों ओर चुनाव आयोग का प्रतीक चिन्ह उकेर कर लोकतंत्र के इस महापर्व का महत्व और अधिक प्रखर किया गया।

कार्यक्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री (भा.प्र.से.), उप विकास आयुक्त अनन्या सिंह (भा.प्र.से.), जिला पंचायती राज पदाधिकारी मो. इफ्तेकार अहमद, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रत्ना प्रियदर्शिनी, तथा SWEEP टीम के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों एवं कर्मियों ने सामूहिक रूप से शत-प्रतिशत मतदान का संकल्प लिया।
यह महारंगोली अब पूरे जिले में चर्चा का विषय है और मतदाता जागरूकता का एक सशक्त प्रतीक बन गई है।
एक स्वर में संदेश:
“औरंगाबाद है तैयार — मतदान करेंगे इस बार!”








