साइबर फ्रॉड में दो अभियुक्त गिरफ्तार, पुलिस ने 5 लाख की अवैध निकासी का किया खुलासा

औरंगाबाद । साइबर अपराधों पर लगाम लगाने के लिए चलाए गए अभियान में साइबर थाना औरंगाबाद की टीम ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इन पर अवैध रूप से लाखों रुपये की निकासी और खातों में होल्ड लगाने का आरोप है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान संजय कुमार सिंह और अंकित कुमार के रूप में की गई है।


संजय कुमार सिंह, जो खरौंधा गाँव के निवासी हैं, अपने चालू खाते में होल्ड से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए साइबर थाना औरंगाबाद पहुंचे। साइबर थाना की तकनीकी टीम ने उनके खाते की जांच साइबर पुलिस पोर्टल पर की। जांच में यह पाया गया कि उनके खाते को देश के विभिन्न राज्यों से 5 जगहों से रिपोर्ट कर डेबिट फ्रिज किया गया है।

JMIS पोर्टल पर विस्तृत जांच के दौरान यह पता चला कि नवंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच करीब 5,00,000 रुपये की अवैध निकासी उनके खाते में की गई थी। संजय कुमार सिंह के मित्र, जो एक CSP संचालक हैं, उनके खाते में भी देश भर के चार राज्यों से होल्ड लगाया गया था।


मामले की गंभीरता को देखते हुए, साइबर थाना औरंगाबाद की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों अभियुक्तों को साइबर ठगी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में कांड संख्या 96/24, दिनांक 20.09.24, धारा 411/420/120(बी) भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया और दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
संजय कुमार सिंह: पिता – जयराम सिंह, निवासी – खरौंधा, थाना – नवीनगर, जिला – औरंगाबाद।
अंकित कुमार: पिता – नागेंद्र सिंह, निवासी – सिमरी, थाना – नवीनगर, जिला – औरंगाबाद।

जप्त/बरामद सामान

1. दो मोबाइल फोन

2. Save Solution Private Limited (CSP Branch) का आईडी कार्ड और प्रमाणपत्र बरामद की

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि साइबर अपराधों पर रोकथाम के लिए यह एक बड़ी सफलता है और ऐसे मामलों में कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जनता से भी अपील की गई है कि वे अपने बैंक खातों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।