औरंगाबाद। व्यवहार न्यायालय औरंगाबाद में 33वें नये प्रधान जिला जज के रूप में न्यायाधीश राजीव रंजन सिंह ने विधिवत पदभार ग्रहण कर न्यायिक कार्यों में भाग लिया। पदभार ग्रहण के बाद न्यायालय परिसर में गरिमामय माहौल देखा गया।
अधिवक्ता सतीश कुमार स्नेही ने जानकारी देते हुए बताया कि नये प्रधान जिला जज के स्वागत में पीपी पुष्कर अग्रवाल, जीपी बृजा प्रसाद, जिला विधिज्ञ संघ औरंगाबाद के अध्यक्ष विजय कुमार पाण्डेय, महासचिव जगनारायण सिंह, कोषाध्यक्ष प्रदीप कुमार, स्पेशल पीपी परवेज अख्तर, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह, सचिव सिद्धेश्वर विद्यार्थी तथा पूर्व अध्यक्ष रसिक बिहारी सिंह सहित कई अधिवक्ताओं ने बुके भेंट कर सम्मानित किया और शुभकामनाएं दीं।
पदभार ग्रहण के उपरांत प्रधान जिला जज राजीव रंजन सिंह ने व्यवहार न्यायालय परिसर में सुरक्षा एवं साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न न्यायालयों के लंबित एवं प्रगतिशील मामलों की समीक्षा की तथा न्यायिक पदाधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर कार्य प्रणाली पर चर्चा की। साथ ही निर्माणाधीन नये न्यायालय भवन के प्रगति कार्य का भी अवलोकन किया।
इस अवसर पर अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि “आप सभी से मिलकर बहुत अच्छा लगा। बार और बेंच के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर व्यवहार न्यायालय एवं लोक अदालत में लंबित मामलों के अधिकतम निष्पादन की दिशा में कार्य करें। अनुशासन एवं पारस्परिक सम्मान के साथ न्यायालय की गरिमा को और ऊंचा उठाएं।”
नये प्रधान जिला जज के पदभार ग्रहण से न्यायिक व्यवस्था में गति और पारदर्शिता आने की उम्मीद जताई जा रही है।






