24 घंटे में राहत, संवेदना के साथ कार्रवाई: डीएम अभिलाषा शर्मा की तत्परता से पीड़ित परिवारों को मिला सहारा

औरंगाबाद जिला प्रशासन ने आपदा के समय संवेदनशील और तेज़ प्रशासनिक कार्रवाई की मिसाल पेश की है। जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के कुशल नेतृत्व में वज्रपात जैसी दुखद घटनाओं के बाद महज 24 घंटे के भीतर पीड़ित परिवारों तक सहायता राशि पहुंचा दी गई।


दिनांक 04 मई 2026 को जिले के मदनपुर और गोह अंचल में ठनका गिरने से तीन बच्चों की असामयिक मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डीएम ने त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तुरंत राहत प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया।


मदनपुर अंचल के घटराईन टोला भुइयां बिगहा में स्व. संतोष कुमार और स्व. सूरज कुमार की मौत के बाद अंचल अधिकारी ने बिना देर किए उनके आश्रितों को सहायता राशि उपलब्ध कराई। वहीं गोह अंचल के उदयपुरा गांव में स्व. प्रिंस कुमार की मौत के मामले में भी प्रशासन ने तत्काल अनुग्रह अनुदान (GR) का भुगतान कर पीड़ित परिवार को राहत दी।


डीएम अभिलाषा शर्मा ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़ा है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि आपदा के समय राहत देने में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और इसी प्रतिबद्धता के तहत 24 घंटे के भीतर सहायता राशि सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाई गई।


जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि खराब मौसम और बिजली कड़कने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें तथा आपदा प्रबंधन विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करें।