कायाकल्प अवार्ड: औरंगाबाद जिले के सात स्वास्थ्य संस्थान पुरस्कृत,कर्मियों में खुशी की लहर


औरंगाबाद, बिहार |
स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार, पटना द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए कायाकल्प अवार्ड की घोषणा कर दी गई है। इस वर्ष औरंगाबाद जिले के सात स्वास्थ्य संस्थानों को इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है।


पुरस्कार प्राप्त करने वाले संस्थानों में अनुमंडलीय अस्पताल, दाउदनगर, रेफरल अस्पताल, हसपुरा तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बारुण, देव, ओबरा, रफीगंज और मदनपुर शामिल हैं। इन संस्थानों ने स्वच्छता, साफ-सफाई और बेहतर प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की है।


इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला कार्यक्रम प्रबंधक मो. अनवर आलम ने बताया कि कायाकल्प चेकलिस्ट के अनुसार 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले संस्थानों को यह पुरस्कार दिया जाता है। उन्होंने कहा कि जिले के इन स्वास्थ्य केंद्रों ने लगातार बेहतर कार्य करते हुए स्वच्छता के क्षेत्र में मिसाल कायम की है।


चयनित प्रत्येक संस्थान को एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इस राशि का 75 प्रतिशत भाग संस्थान के विकास कार्यों पर खर्च किया जाएगा, जबकि शेष 25 प्रतिशत राशि संबंधित पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों के बीच वितरित की जाएगी।


गौरतलब है कि इन संस्थानों को पिछले वर्ष भी कायाकल्प पुरस्कार प्राप्त हुआ था। लगातार मिल रही इस सफलता से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, चिकित्सकों एवं कर्मचारियों में खुशी का माहौल है।


सिविल सर्जन डॉ. कृष्ण कुमार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक मो. अनवर आलम तथा डीपीसी सह जिला गुणवत्ता आश्वासन सलाहकार नागेंद्र कुमार केसरी ने सभी चयनित संस्थानों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों एवं कर्मियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।