औरंगाबाद जिले में धान खरीद को लेकर बड़ा आरोप सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने पैक्स अध्यक्षों पर गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा है कि पैक्स अध्यक्ष किसानों से सीधे धान खरीदने के बजाय व्यापारियों से धान खरीदकर अपने गोदाम भर रहे हैं।
दीपक कुमार सिंह ने कहा कि पैक्स अध्यक्ष सरकार की मंशा के खिलाफ काम कर रहे हैं। सरकार ने किसानों के हित में न्यूनतम समर्थन मूल्य तय किया है, इसके बावजूद किसानों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। पैक्स अध्यक्ष किसानों को भ्रमित कर उन्हें बेवकूफ बनाने का काम कर रहे हैं, जिससे किसानों में भारी नाराजगी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कई जगहों पर पैक्स अध्यक्षों की दबंगई के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद जिला प्रशासन और जिला अधिकारी इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं। प्रशासन की चुप्पी के कारण किसानों की परेशानी दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है।
BJP जिला मीडिया प्रभारी ने सरकार से मांग की है कि जो भी पैक्स अध्यक्ष व्यापारियों से धान खरीद रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त और त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यह सुशासन की सरकार है—भारत सरकार और बिहार सरकार दोनों किसानों के हितैषी हैं, लेकिन कुछ पैक्स अध्यक्ष सरकार की छवि खराब करने का काम कर रहे हैं।
साथ ही उन्होंने जिला कोऑपरेटिव चेयरमैन संतोष सिंह से भी आग्रह किया है कि ऐसे सभी पैक्स अध्यक्षों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए, जो किसानों का धान खरीदने से इंकार कर रहे हैं।
अब बड़ा सवाल यह है कि प्रशासन कब जागेगा और किसानों के हक की लड़ाई में ठोस कदम उठाएगा?







