ईद को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांतिपूर्ण माहौल के लिए सख्त तैयारी के निर्देश



औरंगाबाद । आगामी ईद पर्व को लेकर राज्य स्तर पर विधि-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा तेज कर दी गई है। 18 मार्च 2026 को गृह विभाग, बिहार के सचिव की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रमंडलीय आयुक्तों, जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों के साथ अहम बैठक आयोजित की गई।


बैठक में औरंगाबाद जिले से जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक अम्बरीष राहुल शामिल हुए। इस दौरान सभी जिलों को निर्देश दिया गया कि ईद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारी सुनिश्चित की जाए।


सचिव द्वारा स्पष्ट निर्देश दिया गया कि संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की जाए। साथ ही लगातार गश्ती, चौकसी और सतर्कता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।


बैठक में पेयजल, निर्बाध बिजली आपूर्ति और यातायात व्यवस्था को लेकर भी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए, ताकि पर्व के दौरान आमजन को किसी तरह की परेशानी न हो।


बैठक के बाद जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा कि ईद के अवसर पर सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त और सुचारू रहनी चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर कड़ी निगरानी रखने और भ्रामक सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।


जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा जनप्रतिनिधियों और शांति समिति के साथ समन्वय बनाकर सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने का निर्देश दिया।


प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखते हुए पर्व मनाएं तथा किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।