स्वास्थ्य, श्रम और ऊर्जा क्षेत्र में मजबूत होंगी सुविधाएं, नवीनगर-कुटुंबा में स्वास्थ्य सेवाओं का होगा विस्तार; प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों को सौंपी गई घर की चाबियां
औरंगाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार के वैशाली दौरे के अवसर पर औरंगाबाद जिले को विकास की बड़ी सौगात मिली है। शनिवार, 21 नवंबर 2026 को जिले में 70.02 करोड़ रुपये की लागत वाली सात विकास योजनाओं का उद्घाटन किया गया। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत जिले के 313 लाभुकों को उनके नए आवास की चाबियां सौंपी गईं। स्वास्थ्य, श्रम और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी इन योजनाओं से जिले में आधारभूत सुविधाओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

वैशाली में आयोजित प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से औरंगाबाद के नगर भवन में किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन के अधिकारियों और विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

कार्यक्रम में कुटुंबा विधायक ललन राम, रफीगंज विधायक प्रमोद कुमार सिंह, जिला पदाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा, अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, उप विकास आयुक्त अनुपम सिंह, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) उपेंद्र पंडित, जिला पंचायती राज पदाधिकारी इफ्तेखार अहमद, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी, वरीय उपसमाहर्ता रितेश कुमार यादव, जिला योजना पदाधिकारी अविनाश प्रकाश, नगर परिषद अध्यक्ष उदय कुमार गुप्ता, सिविल सर्जन डॉ. कृष्ण कुमार सहित कई वरीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई मजबूती
स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत 20.64 करोड़ रुपये की लागत से तीन महत्वपूर्ण स्वास्थ्य योजनाओं का उद्घाटन किया गया। इनमें 13.73 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नवीनगर, 5.75 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कुटुंबा तथा 1.16 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, कथरुआ शामिल हैं।
इन स्वास्थ्य केंद्रों के शुरू होने से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की आधारभूत संरचना भी मजबूत होगी।
श्रमिकों को मिलेगी विभागीय सुविधाएं
श्रम विभाग के अंतर्गत 5.88 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित संयुक्त श्रम भवन, औरंगाबाद का उद्घाटन किया गया। इस भवन के माध्यम से श्रमिकों को श्रम विभाग से जुड़ी विभिन्न सेवाएं एवं सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सहूलियत होगी।
बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने की पहल
ऊर्जा विभाग के अंतर्गत 9.67 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित 33/11 केवी, 2×10 एमवीए क्षमता वाले विद्युत शक्ति उपकेंद्र का उद्घाटन किया गया। इसके अतिरिक्त 32.01 करोड़ रुपये की लागत से RDSS लॉस रिडक्शन परियोजना से संबंधित कार्यों का भी उद्घाटन किया गया।
इन परियोजनाओं से जिले की विद्युत वितरण व्यवस्था को मजबूती मिलने, बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार होने तथा विद्युत हानि को कम करने में मदद मिलेगी।
313 परिवारों का अपने घर का सपना हुआ पूरा
कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण आकर्षण प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 313 लाभुकों को आवास की चाबियां प्रदान करना रहा। इससे इन परिवारों को अपना पक्का आवास उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। लाभुकों के लिए यह पल किसी सपने के साकार होने से कम नहीं है।
जिला प्रशासन के अनुसार, स्वास्थ्य, श्रम और ऊर्जा क्षेत्र की योजनाओं के साथ आवास योजना के लाभुकों को मिली यह सौगात जिले में विकास की गति को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इन परियोजनाओं से न केवल जनसुविधाओं का विस्तार होगा, बल्कि आम नागरिकों के जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव आने की उम्मीद है।






