औरंगाबाद। जिले के दाउदनगर प्रखंड के शमशेरनगर गांव में शुक्रवार की सुबह आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की छापेमारी से इलाके में हड़कंप मच गया। EOU की टीम पुलिस बल के साथ सुबह करीब 8:45 बजे ठेकेदार सुधीर कुमार पांडेय के पैतृक आवास पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार, करीब 55 वर्षीय सुधीर कुमार पांडेय मुख्य रूप से मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में रहकर ठेकेदारी का काम करते हैं। उनके शमशेरनगर स्थित पैतृक आवास पर EOU के अधिकारी दस्तावेजों और अन्य संभावित वित्तीय साक्ष्यों की जांच कर रहे हैं।
दो मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में चल रही छापेमारी
छापेमारी के दौरान प्रशासनिक निगरानी और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दो अधिकारियों को मजिस्ट्रेट के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है। इनमें दाउदनगर के अंचलाधिकारी सतीश कुमार सिंह और प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी रिशु राज शामिल हैं। आवास के बाहर पुलिस बल तैनात है और बाहरी लोगों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है।
बालू कारोबार से जुड़ाव की भी चर्चा
कुछ मीडिया रिपोर्टों में सुधीर कुमार पांडेय के बालू कारोबार से जुड़े होने की बात कही गई है। छापेमारी के दौरान बैंक पासबुक, दस्तावेज और जेवरात की जांच किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि, इन वस्तुओं की बरामदगी या किसी तरह की जब्ती को लेकर विस्तृत आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है।
छापेमारी की असली वजह पर सस्पेंस
EOU की कार्रवाई किस मामले में की जा रही है, इसका आधिकारिक कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हुआ है। जांच पूरी होने और आर्थिक अपराध इकाई की ओर से आधिकारिक जानकारी जारी किए जाने के बाद ही कार्रवाई की पूरी तस्वीर सामने आएगी। फिलहाल शमशेरनगर सहित आसपास के इलाकों में इस छापेमारी को लेकर चर्चा तेज है।
फ्रेंड्स मीडिया | औरंगाबाद
खबर भी मिशन भी






