सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और विधि-व्यवस्था की समीक्षा, अधिकारियों को सतर्कता बरतने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश
औरंगाबाद। दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए औरंगाबाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में रविवार, 18 अक्टूबर 2026 को जिला पदाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक श्री उपेंद्रनाथ वर्मा ने संयुक्त रूप से जिले के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने औरंगाबाद शहर के कर्मा रोड, महाराणा प्रताप चौक एवं जसोइया मोड़ स्थित पूजा पंडालों का जायजा लिया। इसके अलावा ओबरा प्रखंड के कारा मोड़ सहित अन्य पूजा पंडालों तथा दाउदनगर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पूजा स्थलों का भी निरीक्षण किया।
सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर
निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने पूजा पंडालों में सुरक्षा इंतजाम, श्रद्धालुओं के आवागमन, भीड़ नियंत्रण तथा विधि-व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की समीक्षा की। संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अन्य अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी पूजा पंडालों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को समय रहते रोका जा सके।
डीएम और एसपी ने आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था बनाए रखने तथा पूजा पंडालों और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी करने का निर्देश भी दिया।
महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान
जिला प्रशासन ने महिलाओं, बच्चों सहित सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। अधिकारियों को पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया।
इस दौरान जिला पदाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा ने विभिन्न पूजा पंडालों में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना भी की। उन्होंने जिलेवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता श्री अनुग्रह नारायण सिंह, उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह, संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों और पूजा समितियों से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने, आपसी भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की है।






