स्वास्थ्य सेवा की नई सौगात: शाहपुर में खुला नया शहरी स्वास्थ्य उपकेंद्र

औरंगाबाद, 08 अक्टूबर 2026।

नगर परिषद क्षेत्र के शाहपुर में स्वास्थ्य सेवाओं को विस्तार देते हुए गुरुवार को एक नए शहरी स्वास्थ्य उपकेंद्र का उद्घाटन किया गया। शहर के वार्ड संख्या 14 एवं 27 के सीमा क्षेत्र में स्थापित इस स्वास्थ्य उपकेंद्र का उद्घाटन नगर परिषद अध्यक्ष गुप्ता कुमार गुप्ता, सिविल सर्जन डॉ. कृष्ण कुमार, रेड क्रॉस के चेयरमैन सतीश कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक मो. अनवर आलम एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने गुरुवार को संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

नए स्वास्थ्य उपकेंद्र के शुरू होने से शाहपुर सहित आसपास के मोहल्लों के लोगों को स्थानीय स्तर पर प्राथमिक एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। अब सामान्य स्वास्थ्य जांच एवं उपचार के लिए लोगों को हर बार जिला अस्पताल जाने की आवश्यकता नहीं होगी। केंद्र पर एमबीबीएस चिकित्सक की सेवा के साथ ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन, टाइफाइड सहित विभिन्न आवश्यक जांच तथा प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

उद्घाटन के अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. कृष्ण कुमार ने कहा कि शहरी क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को बेहतर बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य उपकेंद्र के माध्यम से स्थानीय लोगों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ बीमारी की प्रारंभिक पहचान और उपचार को भी बढ़ावा मिलेगा।

जिला कार्यक्रम प्रबंधक मो. अनवर आलम एवं डॉ. रवि रंजन ने भी क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग की प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से उपस्थित जनप्रतिनिधियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में वार्ड संख्या 14 के पार्षद प्रतिनिधि अमित गुप्ता, वार्ड संख्या 27 के पार्षद प्रतिनिधि सतीश यादव, पूर्व पार्षद ओम प्रकाश यादव, अरविन्द कुमार सिंह, डीपीसी नागेंद्र कुमार केशरी, डॉ. अंकिता कुमारी, डॉ. मधु माला, जयनन्दन शर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी, कर्मी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।