खराब मौसम के मद्देनजर औरंगाबाद के सभी स्कूल-कॉलेज 25 और 26 जुलाई तक बंद, डीएम ने जारी किया आदेश

औरंगाबाद, 24 जुलाई। लगातार खराब मौसम और विधि-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए औरंगाबाद जिला प्रशासन ने जिले के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी शिक्षण संस्थानों को दो दिनों के लिए बंद रखने का आदेश जारी किया है। जिला दंडाधिकारी अभिलाषा शर्मा (भा.प्र.से.) ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-163 के तहत यह आदेश जारी किया है।


जारी आदेश के अनुसार 25 जुलाई और 26 जुलाई 2026 को जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालय, महाविद्यालय, कोचिंग संस्थान, प्री-स्कूल तथा आंगनबाड़ी केंद्र पूर्णतः बंद रहेंगे। जिला प्रशासन ने सभी शिक्षण संस्थानों के प्रबंधन को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।


जिला दंडाधिकारी द्वारा जारी आदेश 24 जुलाई 2026 को निर्गत किया गया है और यह 25 जुलाई से 26 जुलाई 2026 तक प्रभावी रहेगा।
प्रशासन ने यह निर्णय छात्रों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लिया है। हाल के दिनों में जिले में लगातार बारिश, आकाशीय बिजली और खराब मौसम की घटनाओं को देखते हुए एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया गया है।


जिला प्रशासन ने अभिभावकों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। आदेश की प्रति सभी संबंधित विभागों, प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों, शिक्षा विभाग, पुलिस प्रशासन तथा जिला जनसंपर्क कार्यालय को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।