औरंगाबाद जिला में रामनवमी महापूजा के पावन अवसर पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।
आस्था का ऐसा जनसैलाब उमड़ा कि हर गली, हर चौक “जय श्रीराम” और “जय बजरंग बली” के गगनभेदी नारों से गूंज उठा। चारों ओर भगवा ध्वज, पताकाएं और उत्साह का अद्भुत माहौल देखने को मिला।

इस भव्य आयोजन में स्थानीय सदर विधायक त्रिविक्रम सिंह भी शामिल हुए, जिनका आयोजकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु भगवा वेशभूषा—धोती, कुर्ता, पगड़ी और टोपी में नजर आए, जिससे पूरा वातावरण भगवामय हो गया।
पचरंगी बाजों, ढोल, ताशा, डफली और बैंजो की धुन पर भक्त झूमते नजर आए। बाहर से आए कलाकारों ने भक्ति गीत-संगीत और आकर्षक झांकियों के माध्यम से भगवान श्रीराम की लीलाओं का जीवंत चित्रण प्रस्तुत किया। बंदर, भालू, हनुमान एवं विभिन्न देवी-देवताओं की झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं।
शोभायात्रा ब्लॉक मोड़ से प्रारंभ होकर रमेश चौक, मुख्य बाजार, पुरानी जीटी रोड होते हुए धर्मशाला मोड़ से पुनः ब्लॉक मोड़ पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए उमड़े रहे।

पूरे आयोजन के दौरान पुलिस एवं प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था देखने को मिली। चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती के कारण शांति और सौहार्द बना रहा।
इस अवसर पर विधायक त्रिविक्रम सिंह ने कहा,
“रामनवमी का यह पावन पर्व हमारी आस्था, संस्कृति और एकता का प्रतीक है। इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी यह दर्शाती है कि समाज में धार्मिक चेतना और भाईचारा मजबूत हो रहा है। मैं सभी क्षेत्रवासियों को इस भव्य आयोजन के लिए बधाई देता हूं और प्रशासन का भी आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित किया।”

कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा, पुलिस अधीक्षक अंबरीश राहुल, एसडीपीओ संजय कुमार सिंह, सर्किल इंस्पेक्टर फहीम आज़ाद खान सहित कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
इस भव्य आयोजन की सबसे खास बात यह रही कि जमा मस्जिद के पास मुस्लिम समुदाय के लोगों ने श्रद्धालुओं पर फूल बरसाकर गंगा-जमुनी तहज़ीब की अनूठी मिसाल पेश की, जिसने पूरे माहौल को और भी सौहार्दपूर्ण बना दिया।






