ईमेल से व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, मची अफरा-तफरी


औरंगाबाद से बड़ी खबर — सोमवार को व्यवहार न्यायालय औरंगाबाद में उस समय हड़कंप मच गया जब सुबह करीब 11 बजे कोर्ट के आधिकारिक मेल पर बम होने की धमकी मिली। धमकी भरे मेल की सूचना मिलते ही विधि प्रशासन हरकत में आ गया और तत्काल एहतियातन पूरे न्यायालय परिसर को खाली कराने का आदेश जारी कर दिया गया।


घोषणा (एलाउंस) के माध्यम से न्यायालय भवन को खाली कराया गया। देखते ही देखते न्यायाधीश, पेशकार, अधिवक्ता और मुवक्किल सभी ने परिसर छोड़ दिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से पूरे कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सभी न्यायिक कार्य तत्काल प्रभाव से बाधित हो गए।


अधिवक्ता सतीश कुमार स्नेही ने बताया कि पिछले सप्ताह बिहार के कुछ अन्य व्यवहार न्यायालयों में भी इसी तरह की बम धमकी दी गई थी। आज औरंगाबाद में न्यायिक कार्य शुरू होते ही मेल के जरिए धमकी मिलने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया।


सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष जांच टीम वरीय अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंची और न्यायालय परिसर, कोर्ट रूम, कार्यालय कक्षों तथा विधिक सेवा सदन की सघन तलाशी शुरू की। खबर लिखे जाने तक जांच जारी थी और किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई थी।
इस दौरान व्यवहार न्यायालय के बाहर मुवक्किलों की भारी भीड़ जमा हो गई। कई मामलों की सुनवाई टल जाने से लोगों में असमंजस की स्थिति बनी रही। अधिवक्ताओं में धमकी भरा मेल भेजने वाले के प्रति गहरा आक्रोश देखा गया।


प्रशासन ने कहा है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और मेल भेजने वाले की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सुरक्षा के मद्देनजर पूरे परिसर में पुलिस बल तैनात है।