औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र के सिन्दुरिया गांव में नए साल के पहले ही दिन दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। सिन्दुरिया निवासी रमेश सिंह के पुत्र दिलीप सिंह (41 वर्ष) की अज्ञात अपराधियों ने बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक का शव नेशनल हाईवे के किनारे मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की खबर मिलते ही गुस्साए ग्रामीणों ने हत्यारों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर घंटों तक आवागमन ठप रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलते ही एसपी अम्बरीष राहुल, एसडीपीओ संजय पांडे और बारुण थानाध्यक्ष रंजीत कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को संभालने में जुट गए। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाने का प्रयास किया।
एसपी अम्बरीष राहुल ने मौके पर बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। जो भी इस जघन्य हत्या में शामिल होंगे, वे किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जाएंगे।
वहीं मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि गांव में स्थित एक पंचर बनाने की दुकान के मालिक ने दिलीप सिंह को बीती रात करीब नौ बजे फोन कर बुलाया था। इसके बाद वह देर रात तक घर नहीं लौटे। सुबह उनका शव हाईवे के पास मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने संदेह के आधार पर उक्त पंचर दुकान के मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हत्या के पीछे आपसी रंजिश, लेन-देन या किसी साजिश की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है, जबकि सिन्दुरिया गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।






