
जिले में स्वास्थ्य सेवाओं, शैक्षणिक सुविधाओं और महिला सशक्तिकरण को सुदृढ़ करने की दिशा में प्रशासन लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी, अभिलाषा शर्मा (भा०प्र०से०) ने जिले के विभिन्न महत्वपूर्ण विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने औरंगाबाद प्रखंड अंतर्गत ओरा में निर्माणाधीन ट्रामा सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति एवं समयबद्धता का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण हो तथा गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि ट्रामा सेंटर के पूर्ण होने से दुर्घटना व आपातकालीन मरीजों को त्वरित और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। साथ ही परिसर की सुरक्षा और सुव्यवस्था को देखते हुए बाउंड्री वॉल निर्माण शीघ्र प्रारंभ कर पूरा करने का भी निर्देश दिया।

इसके उपरांत जिलाधिकारी ने ओरा स्थित नागरिक सुविधा केंद्र में प्रस्तावित जीविका कटिंग सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने जीविका दीदियों से संवाद कर उनके कार्य, रोजगार सृजन की स्थिति एवं जीविका अंतर्गत संचालित योजनाओं की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने जीविका दीदियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें स्वावलंबन की दिशा में और आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
इसी क्रम में जिलाधिकारी ने औरंगाबाद स्थित निर्माणाधीन 100-आसन वाले पिछड़ा वर्ग छात्रावास का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन की संरचनात्मक प्रगति, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, स्वच्छता, विद्युत व्यवस्था तथा बेंच-डेस्क सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की गहन समीक्षा की।
उन्होंने निर्देश दिया कि छात्रावास का निर्माण कार्य तय समय में पूरा किया जाए और सभी सुविधाएं मानकों के अनुरूप सुनिश्चित हों। साथ ही छात्रावास के संचालन से पूर्व सभी व्यवस्थाओं की समुचित जांच करने पर विशेष बल दिया, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण मिल सके।
जिलाधिकारी के इस निरीक्षण से स्पष्ट है कि जिला प्रशासन स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार—तीनों क्षेत्रों में संतुलित विकास को लेकर गंभीर और प्रतिबद्ध है।






