लालू यादव के करीबी और राजद के पूर्व विधायक रविंद्र सिंह के पुत्र कुमार गौरव उर्फ दिवाकर की अपराधियों ने शुक्रवार की रात गोली मारकर हत्या कर दी। घटना रात करीब 9:30 बजे की है। अपराधियों ने हिच्छन बिगहा स्थित उनके घर के पश्चिम थोड़ी दूरी पर 35 वर्षीय दिवाकर को चार गोली मारी है।null

जानकारी के अनुसार, दिवाकर के सीने में दो गोली, पीठ और पैर पर एक-एक गोली लगी है। पैर में गोली फंस गई है। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा बरामद किया है। शव को अंत्य परीक्षण के लिए आधी रात के बाद ही जिला मुख्यालय भेज दिया गया है।

पूर्व विधायक रविंद्र सिंह के दो बेटे हैं। मृतक गौरव उर्फ दिवाकर कुमार छोटा बेटा था। दिवाकर 2020 में अरवल से निर्दलीय विधानसभा का चुनाव लड़ा था। बड़े बेटे का नाम शशिकांत प्रभाकर है। पूर्व विधायक के बेटे की हत्या के बाद पुलिस घटनास्थल पर कैंप कर रही है। डॉग स्क्वायड की प्रतीक्षा की जा रही है। घटना के कारण गांव में दहशत है।