63वें स्थापना दिवस पर केंद्रीय विद्यालय औरंगाबाद में दिखी ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की झलक

15 दिसंबर 2025 को केंद्रीय विद्यालय औरंगाबाद के प्रांगण में विद्यालय का 63वां स्थापना दिवस भव्य एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के प्राचार्य अशोक कुमार श्रीवास्तव रहे। इस अवसर पर कई गणमान्य अभिभावकों की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह की शोभा बढ़ाई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं शिक्षकों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके उपरांत विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। लोकगीत एवं लोकनृत्य के माध्यम से गुजरात, महाराष्ट्र, पंजाब, बंगाल, हरियाणा, संबलपुरी और बिहार की सांस्कृतिक झलक प्रस्तुत की गई।
‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की थीम पर आधारित नन्हे-मुन्ने बच्चों की प्रस्तुतियाँ दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहीं। साथ ही विद्यालय परिसर में विज्ञान प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों की रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच देखने को मिली।

अपने उद्बोधन में प्राचार्य ए. के. श्रीवास्तव ने केंद्रीय विद्यालय की स्थापना, उसके महत्व एवं विद्यालय की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम का सफल संचालन संगीत शिक्षिका कुमारी वंदना के कुशल नेतृत्व में किया गया। समारोह को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षकों का सराहनीय योगदान रहा।

समग्र रूप से केंद्रीय विद्यालय औरंगाबाद का 63वां स्थापना दिवस समारोह सांस्कृतिक एकता, शैक्षणिक उत्कृष्टता और उत्साह का प्रतीक बनकर यादगार रहेगा।