AURANGABAD: आगामी ईद उल-अजहा/बकरीद पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए डीएम ने गणमान्य लोगों के साथ की बैठक

FRIENDS MEDIA-BIHAR DESK

औरंगबाद : सोमवार को जिला पदाधिकारी, सुहर्ष भगत द्वारा आगामी ईद उल-अजहा/बकरीद पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर औरंगाबाद जिले के गणमान्य लोगों के साथ जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।

इस बैठक में दिनांक 29 जून 2023 को मनाए जाने वाले पर्व पर ईद उल अजहा/बकरीद के अवसर पर इस पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाए जाने को लेकर परिचर्चा की गई।

जिला पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि प्रशासनिक दृष्टिकोण से दोनों समुदायों के बीच सद्भाव बनाए रखने हेतु जिला प्रशासन द्वारा पैनी नजर रखी जा रही है। साथ ही पर्व के दौरान सभी संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारियो, पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। उम्मीद की जाती है कि आप सभी गणमान्य लोगों का सहयोग हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी प्रशासन को मिलेगा।

पुलिस अधीक्षक द्वारा दोनो समुदाय के लोगों से अपने दायित्वों का निर्वहन करने का अनुरोध किया गया। उन्होंने बताया कि आप लोगों के सहयोग से ही हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में यह त्योहार मनाया जा सकेगा।

एसडीएम सदर, विजयंत द्वारा बताया गया कि एरिया डॉमिनेशन की कार्रवाई भी की जा रही है एवं असमाजिक तत्वों पर पैनी नजर बनाई जा रही है। उन्होंने सभी गणमान्य लोगों से बकरीद के दौरान प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारियों को विधि व्यवस्था संधारण करने में मदद करने का अनुरोध किया। एसडीपीओ सदर स्वीटी सेहरावत द्वारा सरकार के दिशानिर्देशों का अनुपालन करने में प्रशासन की सहायता करने का अनुरोध किया गया।

इस बैठक में आए हुए सभी गणमान्य लोगों से वार्ता की गई एवं सुझाव भी प्राप्त किए गए। साथ ही सभी लोगों ने बकरीद पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाकर प्रशासन को अपना सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।

इस बैठक में पुलिस अधीक्षक स्वप्ना जी मेश्राम, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, विजयंत, एसडीपीओ सदर स्वीटी सेहरावत, दाउद नगर अनुमंडल पदाधिकारी, एसडीपीओ दाउद नगर कुमार ऋषिराज, भूमि सुधार उप समाहर्ता सच्चिदानंद सुमन, दाउद नगर अपर अनुमंडल पदाधिकारी प्रियव्रत रंजन एवं जिलास्तरीय शांति समिति के सदस्य गण उपस्थित थे।